[ad_1]
ऐप पर पढ़ें
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद जहां उनकी पार्टी आगबबूला है तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दिल्ली के सत्ताधारी दल पर आक्रामक होने का मौका मिल गया है। शराब घोटाले में मनीष सिसोदिया के बाद संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा ने तंज कसते हुए एक फिल्मी पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें नेताओं को सलाखों के पीछे दिखाया गया है।
दिल्ली भाजपा ने गुरुवार सुबह अपने ‘एक्स’ अकाउंट से एक पोस्टर जारी किया किया, जिसे गोविंदा और संजय दत्त की फिल्म ‘दो कैदी’ के तर्ज पर डिजाइन किया गया है। गोविंदा और संजय दत्त की तरह भाजपा के पोस्टर में सलाखों के पीछे मनीष सिसोदिया और संजय सिंह दिख रहे हैं। पोस्टर पर लिखा है, ‘दो कैदी, अब तिहाड़ के थियेटर में। पोस्टर में ऊपर लिखा है, भ्रष्ट AAP in association with Sharab Ghotala Presents’
दरअसल, संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद बीजेपी की कोशिश है कि इस मौके का इस्तेमाल ‘आप’ की साख को चोट करके फायदा उठाया जाए। एक दशक पहले भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन की कोख से जन्मी ‘आप’ के संयोजक अरविंद केजरीवाल अपनी पार्टी को देश की सबसे ईमानदार पार्टी बताते हैं। ‘ईमानदारी की छवि’ ‘आप’ की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत है, जिस पर चोट करके भाजपा उसे कमजोर करने की कोशिश कर रही है। यही वजह है कि केजरीवाल सरकार पर लगने वाले भ्रष्टाचार के आरोपों को भाजपा पूरे दमखम से उठाती है। हालांकि, आम आदमी पार्टी परसेप्शन की इस लड़ाई में जनता के सामने खुद को बदले की राजनीति का शिकार बताते हुए विक्टिम कार्ड खेलने की कोशिश कर रही है।
आप के विधायक दिलीप पांडे ने भाजपा के पोस्टर पर पलटवार करते हुए कहा, ‘भाजपा ने सुचिता की राजनीति बहुत पहले छोड़ दी है। अहंकार और बदले की राजनीति, एकमात्र लकीर पर भाजपा चल रही है। दिल्ली की जनता भाजपा के कृत्य को अच्छे से जान गई है। अब जो भाजपा कर रही है, सफेद छूठ बोलना, मनगढ़त आरोप लगाना, उसे सिर्फ दिल्ली नहीं पूरी देश की जनता देख रही है। 8 घंटे की रेड मारी संजय सिंह के घर पर और कुछ नहीं मिला, फिर भी उन्हें जबरन गिरफ्तार किया गया। भाजपा समझ नहीं पा रही है, देश के सामने भाजपा की नफरत की राजनीति एक्सपोज हो चुकी है।’
[ad_2]