Elon Musk released video firing several rounds from assault rifle – International news in Hindi


ऐप पर पढ़ें

अमेरिकी बिजनेस टाइकून और टेस्ला के CEO एलन मस्क असॉल्ट राइफल से दनादन फायरिंग करते नजर आए हैं। उन्होंने खुद ही अपनी माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स पर इसे लेकर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें उन्हें एक बड़ी सी राइफल से कई राउंड फायरिंग करते हुए देखा जा सकता है। मस्क का यह अंदाज देखर इंटरनेट यूजर्स हैरान रह गए। लोग यह सवाल करने लगे कि आखिर इस उद्योगपति को क्या हुआ। सब ठीक तो है, आखिर मस्क अंधाधुंध गोलियां क्यों बरसा रहे हैं। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर यह वीडियो वायरल हो रहा है।

एलन मस्क ने एक्स पर जो वीडियो शेयर किया है वो 26 सेकंड का है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘Hip-firing my Barrett 50 call’. बता दें कि इस वीडियो क्लिप को अब तक 57 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है। हजारों लोगों ने इसे लाइक और शेयर किया है। साथ ही इस पर लोगों ने जमकर टिप्पणियां भी की हैं। कई सारे यूजर्स ने इसे लेकर मीम्स भी पोस्ट किए हैं। कुछ लोगों ने लिखा कि मस्क यह अंदाज बहुत शानदार है। वहीं, कुछ ऐसे भी हैं जो मस्क को बेहतर निशानेबाज बनने की सलाह भी दे रहे हैं। 

मस्क ने पहले भी की है ऐसी पोस्ट

इससे पहले, नवंबर 2022 में एलन मस्क ने ट्विटर (अब एक्स) पर कुछ इसी तरह की तस्वीर शेयर की थी। इसमें शॉफ्ट ड्रिंक्स के कई डिब्बों के साथ 2 पिस्तौल रखी हुई थीं। मस्क ने इसके कैप्शन में लिखा था, ‘मेरी बेडसाइड टेबल’। अमेरिकी बिजनेस टाइकून की इस पोस्ट की भी खूब चर्चा हुई थी। इंटरनेट यूजर्स यह सवाल कर रहे थे कि क्या वे ऐसे ही सोते हैं? लोगों का यह कहना था कि आखिर मस्क को 2 पिस्तौल रखने की क्या जरूरत है। कुछ लोग इसे सुरक्षा के लिहाज से जरूरी भी बता रहे थे। 

 

असॉल्ट राइफल पर मस्क का पुराना बयान

गौरतलब है कि मई 2022 में एलन मस्क ने अमेरिका में हथियारों पर कुछ नियंत्रणों का समर्थन किया था। मस्क ने अपनी एक पोस्ट में कहा, ‘असॉल्ट राइफल स्पेशल परमिट पर मुहैया कराई जानी चाहिए। साथ ही इसे लेने वाले की अच्छी तरह से जांच की जानी चाहिए। दरअसल, मस्क की यह टिप्पणी टेक्सास के एक स्कूल में हुई फायरिंग के बाद आई थी। इस गोलीबारी में 19 बच्चों सहित 21 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया और बंदूकों पर पाबंदी लगाने की मांग उठने लगी। यूएस ऐसा देश है, जहां बंदूक रखना लोगों का संवैधानिक अधिकार है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *