PM narendra Modi will flag off 9 Vande Bharat Express for 11 states today know the route – India Hindi News


ऐप पर पढ़ें

New Vande Bharat Express Trains: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को 11 राज्यों के धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ने के लिए नौ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इन राज्यों में राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, बिहार, पश्चिम बंगाल, केरल, ओडिशा, झारखंड और गुजरात शामिल है। इनमें से तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। उद्घाटन कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी शामिल होंगे।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ये ट्रेनें देश भर में कनेक्टिविटी में सुधार और रेल यात्रियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक कदम हैं। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, “वंदे भारत ट्रेनें अपने मार्गों पर सबसे तेज ट्रेन होंगी और यात्रियों का काफी समय बचाने में मदद करेंगी।”

9 नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की लिस्ट:

केरल- कासरगोड-तिरुवनंतपुरम

राजस्थान- जयपुर-उदयपुर

आंध्र प्रदेश- विजयवाड़ा-चेन्नई

तमिलनाडु-  तिरुनेलवेली-चेन्नई

गुजरात- जामनगर-अहमदाबाद

झारखंड और पश्चिम बंगाल- रांची-हावड़ा

तेलंगाना और कर्नाटक- सिकंदराबाद (काचेगुडा)-बेंगलुरु (यशवंतपुर)

ओडिशा- राउरकेला-पुरी

बिहार और पश्चिम बंगाल- पटना-हावड़ा

तय मार्गों पर अब तक की सबसे तेज ट्रेनों की तुलना में वंदे भारत ट्रेनें राउरकेला-भुवनेश्वर-पुरी और कासरगोड-तिरुवनंतपुरम मार्गों पर गंतव्यों के बीच यात्रा के समय में तीन घंटे की कटौती करेगी। हैदराबाद-बेंगलुरु के लिए ढाई घंटे से ज्यादा समय का बचत होगा। तिरुनेलवेली-मदुरै-चेन्नई रूट पर दो घंटे की कटौती होगी। रांची-हावड़ा, पटना-हावड़ा और जामनगर-अहमदाबाद रूट पर लगभग एक घंटा बचत होगा। उदयपुर और जयपुर के बीच भी लगभग आधे घंटे की बचत होगी।

राउरकेला-भुवनेश्वर-पुरी और तिरुनेलवेली-मदुरै-चेन्नई ट्रेनें पुरी और मदुरै के महत्वपूर्ण धार्मिक शहरों को जोड़ेंगी।

विजयवाड़ा-चेन्नई वंदे भारत ट्रेन रेनिगुंटा मार्ग पर चलेगी और तिरुपति तक कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

भारतीय रेलवे अगले साल इस वित्तीय वर्ष के समाप्त होने से पहले वंदे भारत और वंदे मेट्रो का स्लीपर संस्करण लॉन्च करने की भी योजना बना रहा है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि सेमी-हाई स्पीड ट्रेन श्रृंखला में 22 कोच और एक लोकोमोटिव के साथ अक्टूबर 2024 में लॉन्च किया जाएगा।

स्लीपर वंदे भारत मार्च 2024 तक शुरू किया जाएगा। कोच चेन्नई में आईसीएफ द्वारा बनाए जा रहे हैं। वंदे मेट्रो 2023 के अंत तक तैयार हो जाएगी और अगले साल जनवरी या फरवरी में शुरू हो जाएगी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *